Wednesday 31 October 2012

भाजपा भ्रष्टाचार के नहीं कांग्रेस के खिलाफ है: माननीय सोनिया गांधी

शिमला/कांगड़ा : कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार पर केवल दिखावा करती है जबकि सच्चाई यह है कि भाजपा भ्रष्टाचार के खिलाफ नहीं बल्कि कांग्रेस के खिलाफ है। उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि वह बताए कि भ्रष्टाचार में संलिप्त पार्टी नेताओं के खिलाफ क्या कार्रवाई की है।

महंगाई पर चिंता जताते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि महंगाई पर लगाम लगाने केलिए यूपीए सरकार कई कदम उठा रही है, लेकिन महंगाई से राहत दिलाना प्रदेश सरकार की भी जिम्मेदारी होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों में सरकार ने तीन अतिरिक्त गैस सिलेंडर देने की व्यवस्था की है लेकिन हिमाचल प्रदेश में ऐसा क्यों नहीं है। सोनिया गांधी ने मंगलवार को शिमला के रिज मैदान व कांगड़ा शहर में जनसभा को संबोधित किया।

बकौल सोनिया गांधी, हिमाचल प्रदेश में जब भी कांग्रेस की सरकार बनी है, यहां विकास की रफ्तार तेज रही है। पं. जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी व राजीव गांधी व कांग्रेस ने यहां पर्याप्त विकास करवाया है। केंद्र की यूपीए सरकार ने प्रदेश को बीते पांच साल में विकास के लिए खुले दिल से आर्थिक मदद दी है। मनरेगा से लेकर भारत निर्माण योजना के तहत विभिन्न योजनाओं के लिए यूपीए सरकार ने पर्याप्त राशि जारी की लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार इसे खर्च ही नहीं कर पाई है। शिमला शहर में जवाहर लाल नेहरू नवीनीकरण मिशन के लिए केंद्र द्वारा जारी किए गए हजारों करोड़ रुपये की राशि आखिर कहां गई।

भ्रष्टाचार को रोकने के लिए सूचना का अधिकार अधिनियम यूपीए सरकार ने ही लाया है व लोकसभा में लोकपाल बिल को पास करवाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बताए कि इस बिल को राज्यसभा में किसने पास नहीं होने दिया। यूपीए सरकार ने पांच साल में हिमाचल प्रदेश को इंडियन रिजर्व बटालियन, आइआइटी, केंद्रीय विश्वविद्यालय, फैशन इंस्टीट्यूट, ईएसआइ मेडिकल कॉलेज व कई संस्थान खोले हैं।

सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने भारत निर्माण के जरिए जन कल्याण के लिए कई योजनाएं प्रस्तावित की, लेकिन हिमाचल सरकार ने या तो इन योजनाओं के नाम बदल दिए या फिर इनका सही ढंग से प्रयोग ही नहीं किया।

किसान-बागवान को बिचौलियों से बचाने के लिए एफडीआइ को लाया गया है जोकि इस वर्ग के हित में है लेकिन भाजपा इस पर भी निजी स्वार्थ व राजनीति कर रही है। यह प्रदेश के मुख्यमंत्री पर निर्भर करता है कि उसे लागू करना है व नहीं। उन्होंने लोगों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वीरभद्र सिंह, केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, विद्या स्टोक्स, प्रदेश मामलों के प्रभारी चौधरी बीरेंद्र सिंह आदि ने भी अपने विचार रखे।

ads

Ditulis Oleh : shailendra gupta Hari: 03:16 Kategori: