
बुधवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे कांग्रेस जिलाध्यक्ष उमेश दीक्षित के नेतृत्व में जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए जिला सेवायोजन कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने कार्यालय परिसर में एकत्र होकर सपा सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया और फिर वहीं पर धरना शुरू कर दिया गया। धरना स्थल पर हुई सभा में पूर्व मंत्री डा. विनोद तिवारी ने कहा कि बेरोजगारी भत्ता के मुद्दे पर सरकार की पोल खुल चुकी है। पूरे प्रदेश के युवा खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।
जिलाध्यक्ष श्री दीक्षित ने कहा कि प्रदेश की सपा सरकार ने चुनावी घोषणा पत्र में कहा था कि सभी बेरोजगारों को भत्ता मिलेगा, लेकिन सत्ता में पहुंचते ही नियमों में बदलाव कर दिया। परिवर्तित नियमों के तहत जिन बेरोजगारों ने आवेदन किए, उन्हें भी अब तक भत्ता नहीं दिया गया है। सरकार बेरोजगारों को धोखा दे रही है। अब कांग्रेस कार्यकर्ता विद्यालयों में जाकर छात्रों के बीच इस सरकार की कलई खोलने का काम करेंगे। कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के मंडलीय अध्यक्ष सैयद तौकीर अहमद ने कहा कि सपा सरकार ने चुनाव में जनता से बड़े-बड़े वायदे किए लेकिन उन्हें अब तक निभाया नहीं है।
पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी जितेंद्र सिंह छाबड़ा ने कहा कि लोकसभा चुनाव तक लगभग प्रतिदिन कांग्रेस कार्यकर्ता जन जागरण अभियान चलाएंगे। इस मौके पर शहर अध्यक्ष सौलत उल्ला खां, जिला महासचिव सैयद अफजाल हुसैन, शशिओम जहानाबादी, आशुतोष अग्निहोत्री, राजेश सिंघल, सुरेंद्र गुप्ता, जगदीश जौहरी, नूर उल हसन, पूर्व विधायक सन्नू लाल वाल्मीकि, गिरीश भारद्वाज, वसुंधरा सुरभि, पूर्व विधायक सुखलाल, नीरज विक्रम सिंह, हाजी कमालुद्दीन, अशोक पाठक एडवोकेट, कलीम अतहर समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे। धरने के बाद राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में सरकार पर झूठे प्रलोभन देकर सत्ता हथियाने का आरोप लगाया गया। राज्यपाल से सपा सरकार को भंग करने की मांग उठाई गई।