Wednesday 23 January 2013

कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर लगाए आरोप


उत्तर प्रदेश/इटावा/ जिला कांग्रेस कमेटी ने राज्य सरकार द्वारा घोषित विभिन्न योजनाओं को पूरा न किए जाने व राज्य में व्याप्त कुशासन का आरोप लगाते हुए राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा है।


कमेटी के जिलाध्यक्ष कीरत प्रसाद पाल, शहर अध्यक्ष फजल यूसुफ, जिला प्रमुख सेवादल आलोक दीक्षित, वाचस्पति द्विवेदी, हंसमुखी शंखवार, सुनील शंखवार ने आरोप लगाया कि बेरोजगारी भत्ते के नाम पर जो प्रमाण पत्र मांगे जा रहे हैं वह परेशान करने वाले हैं। छात्रवृत्ति हेतु विभिन्न प्रमाण पत्र औचित्यहीन है। छात्र जिस संस्था का विद्यार्थी होता है यही उसका प्रमाण पत्र होता है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सेवायोजन कार्यालय में पंजीकृत सभी को बेरोजगारी भत्ता दिया जाना चाहिए। शर्ते लगाकर पात्रों को भ्रमित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था तार-तार हो गयी है। प्रदेश में चारों तरफ लूटमार भ्रष्टाचार रेप की घटनाओं का बोलबाला है। सरकारी जमीन पर सरकार के संरक्षण में बहुमूल्य जमीनों पर सबलों द्वारा जबरन कब्जा किया जा रहा है। सरकारी जमीन का अपात्रों को पट्टा किया जा रहा है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि सरकार के धान खरीद केंद्रों पर किसानों को लूटा गया है। धान भी बहुत कम खरीदा गया है। कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल से कार्रवाई कराने की मांग की है।

ads

Ditulis Oleh : shailendra gupta Hari: 07:47 Kategori: