Wednesday 23 January 2013

राहुल गांधी ने भरा कांग्रेस में जोश

अमृतसर/ राहुल गांधी के कांग्रेस उपाध्यक्ष बनाए जाने पर कांग्रेसियों में नए जोश का संचार हुआ है। राहुल के उपाध्यक्ष बनने से कांग्रेस को नई उर्जा मिली है। बुजुर्ग और युवा नेता हर कोई इस फैसले से गदगद है। उन्हें उम्मीद है कि कांग्रेस में खास के साथ हर आम की भी सुनवाई होगी।

निगम में विपक्ष के नेता राजकंवल प्रीत लक्की ने कहा कि हाईकमान ने सही समय पर सही फैसला लिया है। राहुल गांधी पार्टी में नई जान फूकेंगे। हाईकमान के फैसले का नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक सुर में सराहना की है। पूर्व पार्षद प्रभदयाल महाजन ने कहा कि राहुल गांधी के उपाध्यक्ष बनने के बाद अब कांग्रेस में हर आम और खास की सुनी जाएगी। आम नेताओं के लिए बंद हाईकमान का दरवाजा अब खुलेगा। राहुल युवा हैं। देश में 70 करोड़ युवा हैं, जिनका वह प्रतिनिधित्व कर देश को भी नई दिशा देंगे।

कांग्रेस अल्पसंख्यक सेल के अमृतसर और तरनतारन के प्रभारी अब्बास रजा ने कहा कि राहुल गांधी का उपाध्यक्ष बनना नेता और जनता हर किसी को रास आया है। राहुल गांधी में हर धर्म, वर्ग और संप्रदाय के लोगों को साथ लेकर चलने की क्षमता है। कांग्रेस के सीनियर नेता सतीश जेटली ने कहा कि राहुल गांधी से हर किसी को आस है। जनता के हर विश्वास और आस पर वह खरे उतरेंगे। उनका उपाध्यक्ष बनने से सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस के अलावा देश को नई दिशा मिलेगी।

ads

Ditulis Oleh : shailendra gupta Hari: 07:48 Kategori: