Saturday 27 October 2012

इन्दौर में भाजपाई महापौर ने युवक कांग्रेस से होर्डिंग उतरवाए, विरोध

इंदौर। बड़ा गणपति से एयरपोर्ट तक लगे होर्डिंग को लेकर नगर निगम के अमले और कांग्रेस नेताओं में शुक्रवार शाम विवाद हो गया। कांग्रेसियों ने महापौर का पुतला भी जलाया। बाद में अमले ने होर्डिंग निकाले तो कांग्रेसियों ने महापौर के घर जाकर कहा कि हम इन्वेस्टर्स समिट बिगाडऩा नहीं चाहते। हमारे साथ होर्डिंग हटाने का दोहरा मापदंड अपनाया तो लाभगंगा गार्डन (समिट स्थल) जाकर विरोध जताएंगे।

युवक कांग्रेस द्वारा 30 अक्टूबर को कलेक्टोरेट पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर ये होर्डिंग लगाए गए। इन्हें हटाने के लिए निगम का अमला दोपहर तीन बजे वहां पहुंचा। इस बीच, कांग्रेस पार्षद पति रफीक खान व युकां प्रदेश सचिव मुकेश यादव भी आ गए। थोड़े विरोध के बाद निगम की गैंग होर्डिंग निकालकर ले जाने लगी तो कांग्रेसी बिफर गए। उनका आरोप था कि भाजपा के होर्डिंग क्यों नहीं हटाए जा रहे? हंगामे के कारण वहां जाम लग गया।

अमला लौटने लगा तो कांग्रेसियों ने बड़ा गणपति पर उन्हें रोक लिया। यहां शहर अध्यक्ष प्रमोद टंडन सहित अन्य नेताओं के अलावा सीएसपी और टीआई भी पहुंच गए। यहां भी जाम की स्थिति बनी। अमले से कांग्रेसियों ने झूमाझटकी की और महापौर कृष्णमुरारी मोघे का पुतला जलाया। फिर वे मेयर हाउस गए। उन्होंने पक्षपात का आरोप लगाया तो महापौर ने कहा सभी के होर्डिंग हटवा देता हूं। इस पर नेता बोले कि हम समिट स्थल पर विरोध कर शहर की बदनामी नहीं करना चाहते, लेकिन हमें परेशान न किया जाए। समझाइश के बाद कांग्रेसी लौट गए।

ads

Ditulis Oleh : shailendra gupta Hari: 01:52 Kategori: