Wednesday 12 December 2012

अकालियों के खौफ के खिलाफ बेखौफ बोले कांग्रेसी

अमृतसर/ एएसआई की हत्या पर सियासत उबल चुकी है। कांग्रेसियों की ओर से अकालियों के साथ भाजपाईयों का काला चिट्ठा खोलने के बाद पंजाब सरकार बैकफुट पर नजर आ रही है। अमृतसर में धरने के दौरान अकालियों के खौफ के खिलाफ कांग्रेसी बेखौफ होकर बोले। सरकार की किरकिरी से उत्साहित कांग्रेसियों ने पंजाब की कानून व्यवस्था पर बादल परिवार को निशाने पर लिया। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारे भी लगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि घटनाएं दर घटनाएं हो रही हैं, जबकि हुक्मरान के कान बंद हो चुके हैं। विपक्ष के नेता सुनील जाखड़ ने कहा कि गुरु नगरी की सरजमीं पावन है। यहां से सरकार की गुंडागर्दी के खिलाफ मुहिम के आगाज का अंजाम अच्छा ही रहेगा। धरने के दौरान विधायक सुखविन्दर सिंह सुखसरकारिया ने अकाली नेता रंजीत सिंह राणा के कारनामों का रहस्योदघाटन करते हुए कहा कि गांव से लाइसेंस बनाकर राणा ने शहर को निशाना बनाया। सुख ने कहा कि राणा छेहरटा में रहता था, लेकिन बंदूक का लाइसेंस उसने लोपोके थाना से बनाया था। सुख ने कहा कि जिले में हजारों अकाली वर्करों के लाइसेंस बनाकर दिए गए हैं।

विधायक ओमप्रकाश सोनी ने कहा कि पंजाब में कोई सेफ नहीं है। गुंडागर्दी के कारण लोगों खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। विधायक डा. राजकुमार ने कहा कि पंजाब में गुंडा राज कायम हो चुका है। बादल धृतराष्ट्र बनकर आंखें मूंद कौरवों के अत्याचार का तमाशा देख रहे हैं। विधायक सुखी रंधावा ने कहा कि बेटियों को बचाने की मुहिम चलाने वाली नन्हीं छांव कहां हैं। इस मौके पर देहाती प्रधान हरप्रताप अजनाला ने अजनाला में अकाली नेता के द्वारा की गई हत्या का मामला उछालते हुए कहा कि सूबे में हत्याओं के जलजले का सिलसिला आखिर कब थमेगा। शहरी कांग्रेस प्रधान जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि सरकारी आतंकवाद के कारण जनता सहम गई है।

पूर्वी हलके के कांग्रेस इंचार्ज व पूर्व मेयर सुनील दत्ती ने सांसद नवजोत सिंह सिद्धू को घेरते हुए कहा कि अमृतसर में हर ओर आग लगी है, जबकि सांसद सिद्धू कमेंटरी कर रहे हैं। सिद्धू को शहरवासियों की जान-माल को कोई चिंता नहीं है। उत्तरी हलके के कांग्रेस इंचार्ज कर्मजीत सिंह रिंटू ने उद्योग मंत्री अनिल जोशी को निशाने पर लेते हुए कहा कि गुंडों पर नकेल लगाने वाले अफसर सरकार को अच्छे नहीं लगते। जोशी ने धरना देकर एएसपी कुंवर विजय प्रताप को हटवाया। इसके बाद से अमृतसर में कानून व्यवस्था की हालत बिगड़ती चली गई। मजीठा हलके के नेता लाली मजीठिया ने कहा कि अकाली मंत्री बिक्रम मजीठिया के आतंक का मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा।

ads

Ditulis Oleh : shailendra gupta Hari: 02:27 Kategori: