Saturday 12 January 2013

हिमाचल को बनाएंगे देश का पहला सीसीटीवी राज्य : मुख्यमंत्री


हिमाचल/धर्मशाला/  मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश एक शांति और कानून प्रिय राज्य होने के साथ-साथ विश्व का प्रसिद्ध पर्यटक गंतव्य भी है।


आम जनता और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों सहित निजी होटलों में सीसीटीवी कैमरा लगाए जाएंगे। इस तरह, हिमाचल देश का पहला राज्य होगा जहां लोगों की हिफाज़त के लिए व्यापक स्तर पर सीसीटीवी लगाए जाएंगे। कांगड़ा का विकास प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है क्योंकि यह प्रदेश का सबसे बड़ा जि़ला है। यह बात मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आज धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में उनके लिए आयोजित 'सम्मान समारोह में शामिल हुए विशाल जन समूह को संबोधित करते हुए कही।


उन्होंने कहा कि हिमाचल के निर्माण, इसके विस्तार और सम्पूर्ण विकास के लिए कांग्रेस का विशेष योगदान रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रधानमंत्री डा$ मनमोहन सिंह ने समय-समय पर प्रदेश के हितों की रक्षा की है। इनके प्रयासों से ही हिमाचल प्रदेश अस्तित्व में आया और विकास पथ पर आगे बढ़ा। मनरेगा, सर्व शिक्षा अभियान, राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन, भारत निर्माण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और इंदिरा आवास जैसी केंद्र सरकार की योजनाओं से प्रदेश का तीव्र विकास सुनिश्चित हुआ है।

वीरभद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने ही प्रदेश के दूर-दराज और कठिन क्षेत्रों में स्कूल खोले ताकि बच्चों को घर-द्वार के समीप शिक्षा की सुविधा मिले। लेकिन भाजपा सरकार ने 750 स्कूलों को बंद कर दिया। उनके समय में शिक्षा का इतना प्रसार व विस्तार हुआ कि यह छोटा-सा पहाड़ी प्रदेश केरल से भी आगे बढ़ गया।

इस तरह, स्वास्थ्य संस्थानों, सड़कों के निर्माण, पेयजल एवं सिंचाई सुविधा, कृषि-बागवानी क्षेत्रों में भी कांग्रेस के कार्यकाल में विकास हुआ जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार प्रदेश के विकास और उन्नति के लिए प्रयास जारी रखेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार क्षेत्रवाद, जातिवाद और धर्म की राजनीति नहीं करती और सभी वर्गों और क्षेत्रों का समान विकास इसकी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के आर्थिक एवं औद्योगिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोगों को रोजगार, स्वरोजगार और आगे बढऩे के अवसर मिल सकें। इसी तरह, प्रदेश में उपलब्ध अपार जल विद्युत क्षमता के दोहन को भी बढ़ाया जाएगा।

सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सभी शहरों की पेयजल समस्या को दूर करने के लिए कदम उठाए जाएंगे। सिंचाई एवं पेयजल सुविधा के लिए नई योजनाएं आरंभ की जाएंगी। परिवहन मंत्री जी एस. बाली ने कहा कि कांग्रेस सरकार के गठन में कांगड़ा जिला ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी क्षेत्रों के तीव्र विकास को प्राथमिकता देगी। कृषि मंत्री सुजान सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के प्रयासों से ही कांगड़ा जिला में कई महत्वपूर्ण कार्यालय एवं संस्थान खोले गए।

शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि वह धर्मशाला चुनाव क्षेत्र की जनता के आभारी हैं कि उन्होंने कम समय के बावजूद उन पर विश्वास व्यक्त किया और वह उनके विकास के प्रति समर्पित रहेंगे। मुख्य संसदीय सचिव नीरज भारती ने जनसभा को संबोधित किया। प्रदेश पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया ने मुख्यमंत्री व अन्यों का स्वागत किया। विधायक कुलदीप कुमार, जगजीवन पाल, सोहन लाल,  अजय महाजन, यादवेंद्र गोमा, किशोरी लाल, मोहन लाल बराक्टा, इंद्र दत्त लखनपाल, रवि ठाकुर, खूब राम, अनिरुद्ध सिंह, संजय रतन, बम्बर ठाकुर, पूर्व मंत्री चंद्र कुमार और कई पूर्व विधायक और क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

ads

Ditulis Oleh : shailendra gupta Hari: 19:57 Kategori: