Saturday 29 December 2012

कांग्रेस राज्य में और मजबूत करेगी आधार

 जम्मू/ कांग्रेस संस्थापकों के पदचिन्हों पर चलते हुए प्रदेश कांग्रेस राज्य में अपना आधार और मजबूत करने के लिए उचित कदम उठाएगी।यह आह्वान शुक्रवार को पार्टी के 127वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में यहां हुए कार्यक्रम में किया गया। रेजीडेंसी रोड़ स्थित पार्टी मुख्यालय में कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष व सांसद धर्मपाल शर्मा ने की। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।


इस दौरान देश को आजाद करवाने में कांग्रेस के योगदान पर प्रकाश डालते हुए धर्मपाल शर्मा ने कहा कि इस समय कुशल नेतृत्व कर रही यह पार्टी देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कार्य कर रही है। पार्टी नेताओं ने कहा कि देश के विकास के साथ सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूत करना कांग्रेस का लक्ष्य है। जोर दिया गया कि इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के हाथ मजबूत किए जाएं।

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष ठाकुर हरि सिंह, पार्टी प्रवक्ता व एमएलसी रवींद्र शर्मा, महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष व विधायक इंदु पवार, जम्मू जिला प्रधान ओम चोपड़ा, एसआर सुधीर, कृष्ण लाल गुप्ता, विभिन्न जिला ब्लॉक प्रधान व पार्टी के अन्य कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। जम्मू के साथ श्रीनगर पार्टी मुख्यालय समेत अन्य जिलों में भी कांग्रेस के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।

ads

Ditulis Oleh : shailendra gupta Hari: 02:01 Kategori: