Monday 24 February 2014

हमारी उपलब्धियों का श्रेय ले रही है भाजपा: राहुल गांधी

गन्नौर/हरियाणा। राहुल गांधी ने सोमवार को भाजपा और नरेन्द्र मोदी पर आरोप लगाया कि वे अपनी बांटने की राजनीति के तहत बाहरी लोगों को प्रवासी बता रहे हैं तथा कांग्रेस द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों का श्रेय ले रहे हैं।

दिल्ली से करीब 70 किलोमीटर दूर हरियाणा के सोनीपत जिले में कांग्रेस के लोकसभा चुनाव घोषणा पत्र के लिए मुद्दे जुटाने को लेकर किसानों से बात करते हुए राहुल ने यह बात कही। राहुल ने कहा कि भाजपा देश चलाने के लिए एक व्यक्ति में शक्तियां निहित करने में यकीन रखती है, जबकि कांग्रेस लोगों को शक्ति सौंपने के पक्ष में है।

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि भाजपा शक्तियों को एक जगह निहित करने में यकीन रखती है। उन्हें लगता है कि एक या दो लोग देश चला सकते हैं..उन्हें लगता है कि पूरा ज्ञान सिर्फ एक आदमी के पास है जो सब कुछ कर सकता है। कांग्रेस में हम लोगों को शक्तियां देने में यकीन रखते हैं।

राहुल ने प्रवासियों और खासतौर पर कच्छ में सिख किसानों के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि कांग्रेस और भाजपा अलग-अलग सोचती है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए हर कोई स्थानीय है। यहां तक कि अमेरिका में रहने वाला भारतीय भी एक स्थानीय है। उनके (भाजपा के) लिए महाराष्ट्र में एक यूपी वाला बाहरी है, गुजरात में एक सिख बाहरी है, पंजाब में हरियाणा का कोई व्यक्ति बाहरी है।

उन्होंने कहा कि भारत में आप कहीं भी जा सकते हैं, हमारे लिए (सभी नागरिक) आप एक स्थानीय व्यक्ति हैं..वे जहां कहीं जाते हैं, किसी को स्थानीय बताते हैं तो किसी को बाहरी बताते हैं। यह उनकी राजनीति है। यह उनमें और हमारे बीच अंतर है। गुजरात के कच्छ क्षेत्र में सिख किसानों के भूमि अधिकारों पर रोक लगाने वाले प्रशासन के फैसले का वह हवाला दे रहे थे।

राहुल ने कहा कि गुजरात से सिख किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पार्टी के लोगों से मुलाकात की। वे हमसे पूछ रहे थे कि क्या हम भारतीय हैं या बाहरी हैं। हम पाकिस्तान से आएं, जमीन तैयार की और आज हमसे कहा जा रहा है कि आप बाहरी हैं। हालांकि मोदी ने पंजाब के जगरांव में कल एक रैली को संबोधित करते हुए कच्छ क्षेत्र में बसे सिख किसानों को यह भरोसा दिलाने की कोशिश की थी कि उनमें से किसी को अपनी खेती बारी नहीं छोड़नी पड़ेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस बारे में एक गलतफहमी अभियान चलाया जा रहा है कि भाजपा सरकार सिख किसानों को हटाने की कोशिश कर रही है जो दशकों से वहां खेती कर रहे हैं। राहुल ने आज कहा कि कंप्यूटरीकरण पर जोर देने को लेकर उनके पिता दिवंगत राजीव गांधी को कंप्यूटर बॉय कहा गया।


ads

Ditulis Oleh : shailendra gupta Hari: 10:47 Kategori: