Wednesday 26 December 2012

सुप्रिया सुले : महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाएं

महाराष्ट्र/अमरावती/  राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की सांसद सुप्रिया सुले ने महाराष्ट्र के मंत्रियों की भारी सुरक्षा पर सोमवार को सवाल उठाया और मांग की कि उसके बजाय सुरक्षाकर्मियों का इस्तेमाल महिलाओं की सुरक्षा करने पर किया जाए।


सुप्रिया ने यहां पार्टी द्वारा आयोजित महिलाओं की एक रैली में मंत्रियों को अत्यधिक सुरक्षा देने पर सरकार को लताड़ लगाई और कहा वे तो जनता के प्रतिनिधि हैं, उन्हें किससे डर है? उन्होंने कहा कि मंत्रियों की सुरक्षा में लगाए गए पुलिसकर्मी का राज्य में महिलाओं की बेहतर सुरक्षा के लिए उपयोग किया जा सकता है।

इस अवसर पर राकांपा नेता एवं महाराष्ट्र के गृहमंत्री आरआर पाटिल एवं पार्टी अध्यक्ष तथा केंद्रीय मंत्री शरद पवार भी मौजूद थे। सुले ने राज्य की कांग्रेस-राकांपा गठबंधन सरकार पर महिला समर्थक नीतियां लागू करने की मानसिकता के अभाव का आरोप लगाया।

पार्टी की महिला शाखा 'युवती' की अध्यक्ष सुले ने कहा कि जब महिलाएं थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचती हैं, तब पुलिस मुस्तैदी से कार्रवाई नहीं करती। उन्होंने मांग की कि हर थाने में एक महिला पुलिसकर्मी जरूर हो। बाद में पाटिल ने कहा कि मंत्रियों की सुरक्षा कम करने का निर्णय आठ दिनों के अंदर लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में 17 हजार महिलाएं पुलिसबल में भर्ती की गई हैं तथा अगले पांच सालों में 20 हजार और महिलाएं भर्ती की जाएंगी। उन्होंने कहा कि छेड़छाड़ को गैर जमानती अपराध बनाने के लिए आपराधिक कानून संशोधित किया जाएगा।

ads

Ditulis Oleh : shailendra gupta Hari: 01:03 Kategori: