
कंपनी बाग चौक में जन जागृति मंच की ओर से पाकिस्तान का पुतला फूंका गया। मंच के चेयरमैन किशन लाल शर्मा ने कहा कि पाकिस्तानी सेना के इस बर्बर कृत्य को माफ नहीं किया जा सकता। भारतीय सेना को इसका करारा जवाब देना चाहिए। केंद्र सरकार अभी हाथ पर हाथ धरे सैनिकों के कत्ल देख रही। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने हमेशा से ही वादाखिलाफी की है। इस मौके पर प्रधान परमजीत सिंह, अशोक सरीन, अजमेर सिंह, सरवन कुमार, गोल्डी जिंदल, हरजिंदर मिंटू, विजय चौहान, सूबेदार केके शर्मा, संदीप हैप्पी, बबलू शर्मा व गुरमीत सिंह समेत तमाम लोग मौजूद थे।
इसी तरह जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कांग्रेस भवन में रोष रैली का आयोजन किया गया। कांग्रेसियों ने पाकिस्तान की इस हरकत को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए पाकिस्तान का झंडा फूंक रोष प्रदर्शन किया। जिला प्रधान अरुण वालिया ने कहा कि पाकिस्तान ने एक बार फिर से अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन किया है। सीज फायर के बावजूद गोलाबारी करना तथा दो सैनिकों का सिर कलम कर देना पाकिस्तानी हुक्मरानों की मानसिकता दर्शाता है। उन्होंने भारत सरकार की सराहना करते हुए कहा कि पाकिस्तान के गृहमंत्री को समन देकर तलब करना सरकार की सख्ती दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने हमेशा से ही धोखा किया है। भारत ने तमाम बातों को नजरअंदाज करते हुए हाल ही में वीजा प्रणाली को सरल बनाने की कवायद की थी। बावजूद इसके पीठ में छुरा घोंपा गया। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपप्रधान कंवल सचदेवा, कुणाल शर्मा, पार्षद श्रवण ग्रोवर, पार्षद सुशील रिंकू, पार्षद तरसेम सिंह, पार्षद पलनी स्वामी, पार्षद मेजर सिंह, अशोक गुप्ता, सतनाम बिंट्टा, मंजीत सिंह, अशोक खन्ना समेत तमाम लोग मौजूद थे। उधर, भाजपा आईटी सेल की ओर से शहीद-ए-आजम भगत सिंह चौक में पाकिस्तान का पुतला फूंका गया।
भाजपा के पंजाब आईटी सेल ने यूएनओ से मांग की है कि पाकिस्तान ने जिस तरह मानवता से खिलवाड़ किया है, उसके खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मानकों के मुताबिक कड़ी कार्रवाई की जाए। पाकिस्तान पर अंतरराष्ट्रीय पाबंदी लगाई जानी चाहिए और उसे विश्व बैंक की सुविधाएं बंद की जाएं। इस मौके पर पंजाब प्रधान राकेश गोयल, जिला प्रधान दीपक शर्मा, विपिन शर्मा, संजय कालिया, रोहित शर्मा, कमलकांत, बृजभूषण अमित, केशव, लाहौरी राम व पवन छाबड़ा समेत तमाम लोग मौजूद थे। वहीं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से कंपनी बाग चौक में पाकिस्तान का पुतला फूंका। प्रांत कार्यालय मंत्री बलजिंदर सिंह व प्रांत सहमंत्री वरुण कश्यप ने कहा कि हर बार पाकिस्तान शांति भंग करने के लिए ऐसी घिनौनी हरकतें कर भारत को चुनौती देता रहता है, मगर हर बार इसे ऐसे ही छोड़ दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अब केंद्र सरकार को चुप नहीं बैठना चाहिए। इस मौके पर दीपक शर्मा, दीपक लाडी, ललति शर्मा, रोशन लाल, पकंज, वरदान व गुलशन समेत तमाम लोग मौजूद थे। उधर, जालंधर भाजपा मानवाधिकार सेल के प्रधान अजय चोपड़ा ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि वीरवार को इस संबंध में डीसी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।